यमुना सिटी में सरदार पटेल स्कूल की लापरवाही से बच्चे के दोनों हाथ टूटे पुलिस से शिकायत कार्रवाई की मांग

यमुना सिटी में स्कूल की लापरवाही से बच्चे के दोनों हाथ टूटे पुलिस से शिकायत कार्रवाई की मांग
दनकौर/ग्रेटर नोएडा डॉ. सतीश शर्मा जाफराबादी
दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना सिटी के सेक्टर 25 स्थित सरदार पटेल विद्यालय में शारीरिक गतिविधि के दौरान कक्षा छह का एक छात्र रस्सी से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में छात्र के दोनों हाथ टूट गए। छात्र के चेहरे और नाक पर भी गंभीर चोट आई हैं। पीड़ित छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
यमुना एक्सप्रेसवे के समीप यमुना सिटी के सेक्टर 25 में जेपी शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित सरदार पटेल विद्यालय का यह मामला है। बल्लूखेड़ा गांव निवासी सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भतीजा सेक्टर 25 स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता है। आरोप है कि मंगलवार को स्कूल में शारीरिक गतिविधि करा रहे अध्यापक ने बिना किसी पूर्व प्रशिक्षण के छात्र को रस्सी के सहारे एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए कहा। अध्यापक के डर से छात्र रस्सी पर लटककर गतिविधि करने लगा। इसी दौरान अचानक उसके हाथ से रस्सी छूट गई और वह काफी ऊंचाई से नीचे जा गिरा।
हादसे में छात्र के दोनों हाथ टूट गए और चेहरे व नाक पर भी गंभीर चोट आईं। आरोप है कि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्र के उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं की। इतना ही नहीं, हादसे के करीब दो घंटे बाद उन्हें घटना की जानकारी दी गई। इससे नाराज परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
स्कूल प्रिंसिपल ने नहीं उठाया फोन
इस संबंध में स्कूल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए स्कूल के प्रिंसिपल से जागो हिंदुस्तान ने कई बार संपर्क किया लेकिन प्रिंसिपल ने फोन नहीं उठाया।



