चौधरी हरचंद सिंह महाविद्यालय के स्वयंसेवको ने ग्रामीणों को साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचने के उपाय बताए

स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचने के उपाय बताए
खुर्जा। चौ. हरचंद सिंह महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के विशेष शिविर में मंगलवार को स्वयंसेवकों ने शाहपुर गांव में ग्रामीणों को साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट के बचने के उपाय बताए।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सतीश शर्मा के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने गांव में मोबाइल ठगी, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट से ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए जन जागरूकता रैली निकाली। स्वयंसेवक हाथों में स्लोगन पट्टिकाएं लेकर डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड है, मोबाइल धमकी फेक है। साइबर क्राइम-ठगी से बचें, 1930 पर कॉल करें। पैसा पाने के लालच से बचें, अपना खाता सुरक्षित रखें। आदि स्लोगन बोलते हुए मोहल्ले और गलियों में निकले। गांव के युवाओं बुजुर्गों और महिलाओं को मोबाइल के माध्यम से होने वाली ठगी और डिजिटल अरेस्ट के बारे में स्वयं सेवकों ने ग्रामीणों को जानकारी देकर इससे बचाव के उपाय बतलाए। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को बताया कि कोई संबंधी बनकर मदद के लिए पैसे ट्रांसफर कराता है तो पहले उसकी पूरी जानकारी कर लें। पैसा दुगना तिगुना करने या लोन स्कीम में धन प्राप्त करने के लालच में न आएं।
शिविर के दूसरे सत्र में विधि विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर प्रीति तंवर ने छात्राओं को मोबाइल ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि अनचाही कॉल रिसीव ना करें। अपने और परिजनों की खाता संबंधी और आधार कार्ड संबंधी जानकारी अनजान व्यक्ति को ना दें। इस अवसर पर गौरव, हिमांशी, जय भगवान, संतोष, संभव, सोनिया, सलमान, सागर वर्षा, तमन्ना, अपर्णा, स्नेहा काजल और शैलेश आदि उपस्थित रहे।



