जानें क्या काम है अधूरा और क्यों शुरू होगी अभी एयरपोर्ट से दिन में उड़ान

ग्रेटर नोएडा/डॉ.सतीश शर्मा जाफराबादी
दस एयरोब्रिज वाले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर से 15 जून से उड़ान शुरू होगी। 10 मई से एयरलाइंस द्वारा फ्लाइट शेड्यूल भी जारी करने की उम्मीद है। इसके बाद टिकट बुकिंग सेवा शुरू हो जाएगी।
शुरुआत में इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवा शुरू करेगी। 17 शहरों के लिए ही घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू होंगी।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) ने नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरुआत के लिए 15 जून 2026 की तिथि तय कर दी है। फिलहाल इंडिगो एयरलाइंस ही यात्री सेवा शुरू करेगी। हालांकि, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस से भी बातचीत चल रही है। जल्दी यें दोनों एयरलाइंस भी अपना शेड्यूल जारी कर देंगी।
नोएडा एयरपोर्ट पर अभी कैट-3 जैसे उपकरण स्थापित नहीं हैं। इस कारण अभी सिर्फ दिन में ही घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू की जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अब भी कुछ महीनों का समय लगेगा। एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्री टर्मिनल का काम अब भी अूधरा है। इसके पूरा होने के बाद ही अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा को हरी झंडी दिखाई जा सकती है।
ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी और राज्य सरकार के बीच हुए अनुबंध के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण पूरा करने के लिए 1095 दिन का समय था। यह सीमा 29 सितंबर 2024 तक पूरी हो जानी थी, लेकिन यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (ज़्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की एक विशेष प्रयोजन कंपनी) द्वारा एयरपोर्ट के निर्माण के लिए नियुक्त टाटा प्रोजेक्ट्स समय पर काम पूरा नहीं कर पाई। इसके लिए तीन महीने की मोहलत दी गई थी, जो दिसंबर 2024 में समाप्त हो गई। फिर इस समय सीमा को बढ़ाकर अप्रैल 2025 कर दिया गया। हालांकि, 10 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री ने अधूरे निर्माण के कारण, टाटा प्रोजेक्ट्स को घरेलू टर्मिनल 15 मई तक और अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल 25 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया। यह समय सीमा भी बीत गई और 30 सितंबर 2025 की नई समय सीमा तय की गई। इसके बाद फिर तारीखों का दौर शुरू हुआ और अब करीब एक वर्ष आठ महीने और 17 दिन की देरी के बाद 15 जून 2026 को उड़ान के लिए तय किया गया है।



