ग्रेटर नोएडा के सरदार पटेल विद्यालय में स्कूली बच्चे के हाथ टूटने का मामला दनकौर कोतवाली का किया घेराव

स्कूली बच्चे के हाथ टूटने का मामला
दनकौर कोतवाली का किया घेराव
डॉ. सतीश शर्मा जफराबादी
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में यमुना सिटी के सेक्टर 25 स्थित सरदार पटेल विद्यालय के स्कूल में छात्र के दोनों हाथ टूटने के मामले में पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ गुरुवार को दनकौर कोतवाली का घेराव किया। कोतवाली पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण और यूनियन के कार्यकर्ताओं ने स्कूल के खिलाफ कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
इस मामले में एसीपी तृतीय रवि शंकर द्वारा पीड़ित की तहरीर रोजनामचे में दर्ज करने और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन पर ही प्रदर्शनकारी शांत हुए।
सरदार पटेल स्कूल में 23 नवंबर को शारीरिक गतिविधियों के दौरान कक्षा 6 के छात्र हर्षित को रस्सी से गिरने के कारण चोट लग गई थी। इस घटना में छात्र हर्षित के दोनों हाथ टूट गए थे। नाक मुंह और चेहरे पर भी चोट पहुंची थी। परिजनों का आरोप था कि स्कूल प्रबंधन ने बच्चे का उपचार नहीं कराया। इसके बाद 24 नवंबर को पीड़ित के अधिवक्ता चाचा सूरज ने दनकौर कोतवाली में तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद 25 नवंबर को पीड़ित परिवार और गांव के लोगों ने स्कूल पर धरना देकर प्रदर्शन किया था। लेकिन स्कूल के शिक्षक और प्रिंसिपल ने पीड़ित पक्ष और ग्रामीणों से वार्ता नहीं की। इस बात से नाराज होकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घिराव करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
गुरुवार को 10:00 बजे सैकड़ो किसान यूनियन के कार्यकर्ता और ग्रामीण पीड़ित पक्ष के लोग दनकौर कोतवाली पर धरना देकर बैठ गए। धरना प्रदर्शन के दौरान दनकौर कोतवाल भी प्रदर्शनकारियों के बीच नहीं आ सके। इस कारण लोगों का गुस्सा बढ़ गया। मौके पर एसीपी तृतीय रवि शंकर पहुंचे उन्होंने ग्रामीणों और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से बातचीत की। काफी देर तक हुई वार्ता कहासुनी के बाद के पीड़ित पक्ष की तहरीर रोजनामचे में दर्ज की गई। पुलिस अधिकारी ने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी और यूनियन के कार्यकर्ता वापस घरों को लौट गए ।
इस मामले में पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो वह इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।



