यमुना एक्सप्रेस वे पर बनारस जा रही डबल डेकर बस पलटी 14 घायल ड्राइवर कंडक्टर फरार

यमुना एक्सप्रेस वे पर बनारस जा रही डबल डेकर यात्री बस पलटी 14 घायल
ग्रेटर नोएडा/ डॉ सतीश शर्मा जफराबादी।यमुना एक्सप्रेस वे पर बुधवार की सुबह एक डबल डेकर बस असंतुलित होकर पलट गई। बस में सवार 14 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना के बाद बस का चालक और हेल्पर मौके से फरार हो गए।
दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे से एक डबल डेकर यात्री बस बनारस के लिए रवाना हुई थी। बस में 60 यात्री सवार थे। अर्धरात्रि के बाद 1:00 बजे जैसे ही बस यमुना एक्सप्रेसवे पर स्पोर्ट्स सिटी के सामने दनकौर कस्बे के समीप पहुंची तभी अचानक असंतुलित होकर बस यमुना एक्सप्रेसवे पर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर दनकौर और जेवर पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मी पहुंचे। यात्रियों की प्राथमिक चिकित्सा और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए दर्जन भर एंबुलेंस भी बुलाई गई। पुलिसकर्मियों और एक्सप्रेस वे कर्मियों ने बस में सवार घायल और अन्य सभी यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर पलटी बस को भी किनारे कर यातायात को शुरू कराया। सभी घायलों को ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दर्जन पर यात्री अपने घर चले गए।
बस बिहार के एक व्यक्ति की है। बस को कौन चालक चला रहा था और कौन हेल्पर था। दोनों फरार हो जाने के कारण इसका सुराग पुलिस को नहीं लगा है। पुलिस बस के मालिक के माध्यम से फरार चालक और हेल्पर की तलाश कर रही है।
।।।।
ओवरलोड और हाई स्पीड बना दुर्घटना का कारण
दनकौर कोतवाल मुनेंद्र सिंह का कहना है कि बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और बस के ऊपर भी भारी मात्रा में सामान रखा हुआ था। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ओवरलोड और अधिक स्पीड के कारण ही यह घटना हुई होगी। इस घटना के संबंध में किसी पक्ष की ओर से दनकौर कोतवाली में देर शाम तक भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है
।।।।।
दुर्घटना में घायल यात्री
बस के पलटने से 8 पुरुष और 6 महिलाएं घायल हो गई।
घायलों में आदर्श पन्डित, विनय सिंह, विनोद कुमार, महेन्द्र सिंह, अशोक यादव, सचिन सिंह, मनोज कुमार , सक्षम, सुप्रिया, अरिभा, नसरीन बानो, दीपाली राय, शशी और सामरा हैं। सभी घायलो को जिम्स अस्पताल कासना में भर्ती कराया गया है।



