पूर्वांचल के बाहुबली बृजभूषण शरण की बेटी शालिनी की जेवर विधानसभा में एंट्री

पूर्वांचल के बाहुबली बृजभूषण शरण की बेटी शालिनी की जेवर विधानसभा में एंट्री
ग्रेटर नोएडा/ डॉ. सतीश शर्मा जाफराबादी
पूर्वांचल के बाहुबली बीजेपी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह ने मंगलवार को जेवर विधानसभा क्षेत्र में एंट्री की।दनकौर के यमुना खादर में स्थित मकनपुर गांव में शालिनी सिंह पहुंची। शालिनी सिंह एक इंटर कॉलेज के कार्यक्रम में सम्मिलित हुई।
विद्या देवी इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शालिनी सिंह ने कहा कि विद्या सबसे बड़ा धन है। महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा के लिए हमेशा समाज के लोगों को बेहतर प्रयत्न करने चाहिए। उन्होंने स्कूल की छात्रों से भी मन लगाकर विद्यार्जन करने की सलाह दी।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक सुबोध कुमार और प्रबंध समिति के लोगों और शिक्षकों ने शालिनी सिंह का स्वागत किया। लगभग डेढ़ घंटे शालिनी सिंह कार्यक्रम में उपस्थिति रही। इस अवसर पर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया शालिनी सिंह ने अपने एनजीओ के माध्यम से कॉलेज में फर्नीचर और आधुनिक शिक्षण व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में आर्थिक सहयोग दिया। इस अवसर पर राजनीति से प्रेरित कोई बयान उन्होंने नहीं दिया। करणी सेवा के प्रदेश अध्यक्ष धीरज सिंह में जरूर शालिनी सिंह के समक्ष दिए गए अपने संबोधन में कहा कि वह हर समय हर तरह से उनके साथ सहयोग करेंगे।
बृजभूषण शरण पहले कह चुके हैं कि वह उत्तर प्रदेश में किसी विधानसभा से अपनी बेटी को बीजेपी से टिकट दिलाएंगे। वह चुनाव भी लड़ेगी।शालिनी आजकल नोएडा में रहकर क्षेत्र के सामाजिक कार्यों में सक्रियता दिखा रही हैं। कयास लगाया जा रहा है कि गौतम बुध नगर की किसी विधानसभा सीट से वह टिकट मांगने का प्रयास करेंगी। उनके एक भाई बीजेपी के सांसद हैं तो एक विधायक। पिता बृजभूषण पूर्व सांसद रह चुके हैं। मंगलवार को बृजभूषण शरण सिंह ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की। वह उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल के बीजेपी के एक बड़े कद्दावर नेता माने जाते हैं। पिछले दिनों नोएडा में एक दो कार्यक्रमों में उनकी शिरकत नोएडा क्षेत्र की राजनीति में कुछ नया करने का प्रयास बताया जा रहा है।



