यमुना सिटी में भगवान श्रीकृष्ण की सबसे बड़ी मूर्ति का हेमा मालिनी और मंत्रियों ने किया अनावरण जानें मूर्ति की खास बातें

भगवान श्रीकृष्ण की 108 फिट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
रबूपुरा/ग्रेटर नोएडा।
यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण क्षेत्र स्थित गौड़ यमुना सिटी में रविवार को भगवान श्रीकृष्ण की 108 फिट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने फीता काटकर अनावरण किया। अनावरण के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का अभिषेक किया और भव्य आरती में हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रतिमा प्रांगण में हरे कृष्ण हरे राम मंदिर का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक मंत्री सुनील शर्मा भी मौजूद रहे। हेमा मालिनी, जयवीर सिंह और सुनील शर्मा ने देश की सबसे बड़ी कृष्ण प्रतिमा बनाने के लिए गौड़ ग्रुप को बधाई दी। कहा कि मथुरा से ग्रेटर नोएडा तक भगवान कृष्ण की भूमि इस प्रतिमा से पावन हो गई है। इस मौके पर गौड़ ग्रुप के सीएमडी, मनोज गौड़ ने कहा कि 108 फीट ऊँची यह प्रतिमा और हरे कृष्णा हरे राम गौड़ मंदिर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और कृपा का भव्य प्रतीक है। यह स्थल मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आस्था केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि उनके ग्रुप का उद्देश्य भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और बढ़ावा देना है। यह विशाल प्रतिमा गौड़ यमुना सिटी के ऊपर स्थित होकर आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बनेगी। यमुना एक्सप्रेसवे पर इसकी रणनीतिक स्थिति इसे एक महत्वपूर्ण तीर्थ और पर्यटन स्थल बनाएगी, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। उम्मीद जताई कि इससे पर्यटन, रोजगार और स्थानीय व्यवसायों में वृद्धि होगी।



