गलगोटिया कि छात्र की दर्दनाक मौत जेवर के ढूंढेरा गांव में मचा मातम
यमुना एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन ने बीटेक के छात्र को कुचला
ग्रेटर नोएडा/सतीश शर्मा जफराबादी। यमुना एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर रविवार की सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी के एक छात्र को कुचल दिया। घटना को अंजाम देकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जेवर क्षेत्र के डूढेरा गांव निवासी विवेक शर्मा 18 गलगोटिया विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था। वह रोजाना बाइक द्वारा गांव से विश्वविद्यालय आता जाता था। रविवार को भी अतिरिक्त कक्षाओं में पढ़ाई के लिए वह गांव से विश्वविद्यालय आ रहा था।
सुबह 9:00 बजे जैसे ही वह बाइक से सलारपुर अंडरपास के समीप सर्विस रोड पर पहुंचा तभी तेज गति से आने वाले एक वाहन ने उसे कुचल दिया। विवेक के सिर पर हेलमेट था लेकिन जोरदार टक्कर से हेलमेट और सिर बुरी तरह कुचल गए। वाहन चालक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन चालक का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खगाली जा रही है।
दनकौर पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा कर उसे परिजनों को सौंप दिया।
घर का इकलौता चिराग था विवेक
विवेक शर्मा अपने पिता अशोक की दो संतानों में से एकलौता पुत्र था। रविवार देर शाम गांव में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गांव और क्षेत्र के हजारों लोग उपस्थित रहे।
दनकौर कोतवाल मुनेंद्र सिंह का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस फरार वाहन चालक का सुराग लग रही है।


