अस्तौली डंपिंग ग्राउंड प्रोजेक्ट रद्द गौतमबुध नगर और बुलंदशहर के आठ गांवों में खुशी का माहौल

ग्रेटर नोएडा। डा.सतीश शर्मा जाफराबादी
ग्रेटर नोएडा के अस्तौली गांव के पास बन रहे डंपिंग ग्राउंड को लेकर आठ गांवों के हजारों ग्रामीणों के लिए खुश खबर है। प्राधिकरण ने डंपिंग ग्राउंड प्रोजेक्ट को रद्द कर दिया है।
डंपिंग ग्राउंड सेंटर में बायो सीएनजी संयंत्र लगाने के लिए जारी किए गए टेंडर और संयंत्र की प्री-बिड मीटिंग भी रद्द कर दी गई।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक स्वास्थ्य चेतराम सिंह ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी कर दिया है। कार्यालय आदेश में निविदा प्रक्रिया को अपरिहार्य कारणों से स्थगित करने की बात कही गई है। पिछले दिनों प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए कंपनियों से आरएफपी जारी कर प्रस्ताव मांगे थे।
अस्तौली और आसपास के आठ गांवों के लोग इस डंपिंग ग्राउंड के विरोध में दो माह से धरना प्रदर्शन कर रहे थे। पिछले दिनों गांव के लोगों ने मीटिंग कर प्राधिकरण और प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि डंपिंग ग्राउंड को रद्द नहीं किया गया तो वह बड़ा आंदोलन करेंगे। इसके बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण हरकत में आया और डंपिंग ग्राउंड परियोजना को रद्द कर दिया। डंपिंग ग्राउंड रद्द हो जाने से गांव के लोगों ने खुशी जाहिर की है।



