रात में यमुना एक्सप्रेस वे पर चलती बस में आग लगी यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। दनकौर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की रात चलती स्लीपर एसी बस की छत में आग लग गई। आग बस की छत पर रखे सामान में लगी। आग से सवारियों में अफरातफरी मच गई। सवारियों ने बाहर कूदकर जान बचाई।
दनकौर कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक लुधियाना से आगरा जा रही स्लीपर बस में गुरुवार की रात यमुना एक्सप्रेसवे पर आग लग गई। बस की छत के ऊपर सवारियों का सामान रखा था। बस के ऊपरी हिस्से में आग लगी थी। छत पर रखे सामान ने आग पकड़ ली। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीरों में बस में लगी आग की सूचना चालक को दी। उसने तुरंत बस को साइड में रोका।
बस में आग की सूचना से सवारियों में हड़कंप मच गया। सवारियों ने बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के मुताबिक बस में करीब 50 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बस में रखा सवारियों का सामान जल गया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल है। आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है। साभार हिंदुस्तान



