दलित युवक की मौत के बाद रबुपुरा में जाम, प्रदर्शन, हंगामा विधायक ने मुख्यमंत्री से कराई वार्ता

ग्रेटर नोएडा। सतीश शर्मा जफराबादी। ग्रेटर नोएडा के रबुपुरा कस्बे में दलित युवक की मौत के बाद आक्रोशित समुदाय के लोगों ने जमकर हंगामा प्रदर्शन और नारे बाजी की।
कई घंटे तक लोगों ने कस्बे के मुख्य चौराहे पर जाम लगाकर रखा। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र सिंह द्वारा मृतक के परिजनों से मुख्यमंत्री की वार्ता कराई। आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला।
मृतक युवक अनिकेत को 17 अक्टूबर को दबंगों ने मिलकर जमकर पीटा था। अनिकेत अपने साथियों के साथ जन्मदिन मना रहा था।
कस्बा के मोहल्ला अम्बेडकर नगर निवासी अनिकेत, सुमित और राजकरण के ऊपर कस्बा निवासी दर्जनों दबंगों ने गत 17 अक्टूबर को लाठी डंडों और रोड से उस समय जानलेवा हमला कर दिया था जब वह अनिकेत का जन्मदिन मना रहे थे। हमलावर अनिकेत और सुमित को मरणासन्न हालत में झाड़ियों में फेंककर भाग गए थे। घायल सुमित के भाई मामचंद की शिकायत पर पुलिस ने युवराज, जीतू, रचित, सुनील, अंकित और पवन समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले में नामजद जीतू उर्फ जितेन्द्र और युवराज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दबंगों के हमले में गंभीर रूप से घायल अनिकेत और सुमित को शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां गुरुवार रात को 18 वर्षीय अनिकेत की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जैसे ही कस्बा में लोगों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली उनमें आक्रोश फैल गया। लोग बड़ी संख्या में रबूपुरा के महाराणा प्रताप चौक पर एकत्रित हुए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मृतक अनिकेत के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मृतक के दादा जुगल किशोर की फोन पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाकर लोग शांत हुए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गईं हैं। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



