टशन में दुकानदार को गोली मारी दो भाइयों सहित पांच दबंगों पर मुकदमा

दनकौर/ग्रेटर नोएडा। एसएसजे। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के सरकपुर गांव में आपसी मामूली कहा सुनी और टशन के चलते कुछ दबंगों ने एक दुकानदार को गोली मार दी। गोली चलते ही गांव में अफरा तफरी और हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर अवस्था में घायल को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई स्थानों पर दबिश दी है।
इस मामले में दनकौर पुलिस ने घायल के पिता नरेश की रिपोर्ट पर गांव के ही दो सगे भाइयों सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस दबंगों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। आरोपी घरों से फरार हो गए हैं। दनकौर कोतवाल मुनेंद्र सिंह का कहना है आरोपी जल्दी ही पकड़े जाएंगे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव में सागर पुत्र नरेश 22 परचून की दुकान चलाता है। दुकान पर पड़ोस का ही एक युवक पहुंचा और दोनों में मामूली कहासुनी को लेकर एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई। इसी बीच एक आरोपी अपने घर पहुंचा और घर से तमंचा निकालकर दुकानदार सागर को गोली मार दी। गोली चलते ही हड़कंप मच गया मौके पर पुलिस पहुंच गई और सागर के अस्पताल में भर्ती कराया है। सागर के पेट में गोली लगी है। पुलिस ने बताया घायल की स्थिति खतरे से बाहर है। उसका इलाज चल रहा है। हमलावरों की धर पकड़ के लिए कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद सभी आरोपी घर से फरार हो गए हैं।



